मुरादाबाद। जिले की तीनों सहकारी गन्ना विकास समितियों के चुनाव में बृहस्पतिवार को डायरेक्टरों ने सभापति और उप सभापति के लिए अपने मतों का प्रयोग किया। चुनाव के दौरान तीनों समितियों पर भाजपा समर्थित सभापति और उप सभापति चुने गए। मुरादाबाद समिति से दुर्गपाल सिंह, कांठ से सुरेंद्र सिंह और बिलारी से विजयपाल सिंह सभापति घोषित किए गए।
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अमरेंद्र सिंह के अनुसार मुरादाबाद सहकारी गन्ना विकास समिति के लिए दुर्गपाल सिंह सभापति और कपिलदेव सिंह उप सभापति चुने गए।
इसके अलावा अन्य संस्थाओं के लिए समिति के डायरेक्टर प्रतिनिधि के रूप में भेजे गए हैं। इनमें जिला सहकारी बैंक और इफको में प्रतिनिधि के रूप में विजयभान सिंह, गन्ना प्रतिनिधि के लिए बब्लू (एससी), सुशील कुमार (ओबीसी), मोरा देवी (महिला), कमलदीप सिंह और सतपाल, सहकारी चीनी मिल बाजपुर के प्रतिनिधि चंद्रभान सिंह, सहकारी चीनी मिल अनूप शहर के लिए राम भरोसे, सहकारी चीनी मिल हसनपुर के लिए सुभाष कुमार और सहकारी चीनी मिल नादेही के लिए श्याम सिंह प्रतिनिधि बनाए गए हैं।