मुरादाबाद। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंडलायुक्त ने बृहस्पतिवार को छह अधिकारियों की एक समिति गठित की। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ट्रैफिक पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन की कार्रवाई करेंगे। इस व्यवस्था से आवागमन सामान्य होने की उम्मीद है।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कमिश्नरी सभागार में शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के संबंध में बैठक की। मंडलायुक्त ने जाम की समस्या का समाधान करने के लिए एक समिति गठित कर दी है। समिति में एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, एसपी ट्रैफिक, एआरटीओ प्रशासन, एआरटीओ प्रवर्तन एवं एआरएम रोडवेज भी शामिल किया गया है।
समिति नगरीय क्षेत्र के ई-रिक्शा को नियंत्रित करने एवं जोन व्यवस्था लागू करने के संबंध में मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज ने बताया कि रोडवेज डिपो के बाहर चौकी परिसर में काफी समय से छोटे वाहन ई-रिक्शा, बाइक आदि खड़े हैं। इस संबंध में मंडलायुक्त ने एसपी ट्रैफिक को नियमानुसार वाहनों की यथाशीघ्र नीलामी कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुरादाबाद-बिलारी मार्ग पर अवैध रूप से संचालित मैजिक एवं मारुति वैन आदि वाहनों के खिलाफ पुलिस, प्रशासन एवं परिवहन विभाग को अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद शहर में भारी संख्या में ई-रिक्शा के संचालन से यातायात में समस्या पैदा हो रही है। कुछ ऐसे ई-रिक्शा हैं, जिनकी अवधि तीन वर्ष हो चुकी है, लेकिन चालकों ने फिटनेस नहीं कराया है। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है।