मुरादाबाद। सीबीआई गाजियाबाद की टीम ने बृहस्पतिवार की दोपहर लालाटीकर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित दस्तावेज खंगाले। इसके अलावा बैंक मैनेजर गिरीश चंद्र और दलाल कयूम को रिश्वत लेते पकड़वाने वाले किसान खैराती को भी बैंक बुलाकर घंटों पूछताछ की। टीम ने अन्य दलालों के बारे में जानकारी जुटाई। शाम को टीम कुछ दस्तावेज लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र वीरपुर बरियार गांव निवासी किसान खैराती ने प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की लालाटीकर शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। खैराती ने गाजियाबाद पहुंचकर सीबीआई कार्यालय में शिकायत की थी कि कार्ड बनवाने के नाम पर उससे दस हजार की रिश्वत मांगी जा रही है। खैराती की शिकायत पर गाजियाबाद से आई सीबीआई की टीम ने दस नवंबर को मैनेजर गिरीश चंद्र और दलाल कय्यूम को रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद दोनों को गाजियाबाद स्थित कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। बृहस्पतिवार को सीबीआई टीम बैंक पहुंच गई। बैंक की हड़ताल होने की वजह से शाखा बंद थी। इसके बाद फील्ड ऑफिसर और कैशियर को कॉल कर शाखा खुलवाई। इसके बाद टीम केसीसी से संबंधित दस्तावेज खंगाले।
टीम ने किसान खैराती को भी बैंक बुलाकर पूछताछ की और अन्य दलालों के बारे में जानकारी जुटाई। बृहस्पतिवार की शाम टीम बैंक से कुछ दस्तावेज लेकर वापस चली गई। हालांकि टीम ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी। फील्ड ऑफिसर सुमन कुमार ने बताया कि सीबीआई टीम शाखा पहुंची थी। कुछ दस्तावेज खंगाले थे। इसके बाद टीम वापस चली गई।