मुरादाबाद। सेवा निवृत्त सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) से 14 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कपड़ा शोरूम में पार्टनर बनाने के नाम पर उनसे रकम ली थी। सिविल लाइंस थाने में इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शहर कोतवाली के कोठीवाल नगर निवासी प्रताप सिंह सहायक विकास अधिकारी के पद से सेवा निवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कटघर के इंदिरा कालोनी निवासी अमर कुमार शर्मा ने उन्हें झांसा दिया था कि वेव मॉल में उनके दो शोरूम हैं। इनमें मल्टीब्रांड और ब्रांडेड लेडीज कपड़ों का कारोबार किया जाता है। आरोपी ने प्रताप सिंह को शोरूम में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 14 लाख रुपए ले लिए थे। कुछ दिन बाद पता चला कि अमर और उसके पिता सुशील कुमार ने उन्हें पार्टनर बनाने से पहले ही सागर नाम के व्यक्ति को शोरूम में पार्टनर बना लिया था। इस मामले की जानकारी होने पर प्रताप सिंह ने विरोध किया तो पुलिस से शिकायत करने की बात की। तब कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था। अमर कुमार शर्मा, सुशील शर्मा, पत्नी शिवानी शर्मा, सागर , दोनों स्टोरों के मैनेजर सूरज गुप्ता, कंपन के हेड फिरोज खान और सीनियर धीरेंद्र की मौजूदगी में विभिन्न धनराशि के 14 चेक दिए गए और शोरूम की साझेदारी से अलग कर दिया था। मगर इन चेक से भुगतान नहीं हुआ था। एएसपी अनिल यादव ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।