मुरादाबाद। अदालत के आदेश पर कटघर थाने में एक परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में पीड़ित ने थाना प्रभारी के खिलाफ भी अदालत की अवमानना का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। जिस पर तीन मार्च को सुनवाई की जाएगी।
कटघर क्षेत्र थानाक्षेत्र के गोविंद नगर निवासी रविदत्त भटनागर ने आरोप लगाया कि 30 अक्तूबर 2019 को क्षेत्र के ही रमेश सिंह, मंजू, अदिति सिंह, आर्यन, दीप्ति व अवंतिका से झगड़ा हो गया था। रविदत्त कटघर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। गंभीर चोट लगने के बावजूद पुलिस ने एनसीआर को तरमीम नहीं किया था। जिस पर रविदत्त ने सात नवंबर 2019 को अदालत की शरण ली थी। अदालत ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश पारित कर दिए थे, लेकिन कटघर थाने की पुलिस ने अदालत के आदेश के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
रविदत्त ने अब पुन: अदालत को सभी बातों से अवगत कराया। तब कटघर में पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वादी की ओर से एक प्रार्थना पत्र अदालत में और दाखिल किया गया है। जिसमें कटघर थाने के प्रभारी के खिलाफ अदालत के आदेश की अवमानना का आरोप लगाया गया है। जिस पर अदालत ने तीन मार्च सुनवाई के लिए लगा दी है।