घर लौट रहे बाइक सवार युवक को कार सवार बदमाशों ने पाकबड़ा कैलसा रोड स्थित आरा मशीन के पास गोली मार दी। कंधे में गोली लगने से घायल युवक अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क किनारे खेत में जाकर गिर पड़ा। हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवक को टीएमयू में भर्ती कराया। पुलिस की जांच में प्रेम-प्रसंग में युवक को जान से मारने के प्रयास की बात सामने आई है।
क्षेत्र के बागड़पुर की मिलक गांव निवासी मौहम्मद आलम (20) मुंबई में लोहे का कारोबार करता है। 26 मार्च को बड़े भाई सद्दाम की शादी में शामिल होने के आया था। बृहस्पतिवार शाम वह बड़े भाई की बाइक लेकर पाकबड़ा गया था। साढ़े नौ बजे के करीब वह घर लौट रहा था। गांव के रास्ते पर स्थित आरा मशीन के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही में कार सवार कुछ लोगों ने उस पर गोली चला दी। गोली मोहम्मद आलम के बायें कंधे के पास लगी और वह अनियंत्रित होकर बाइक लेकर खेत मे जाकर गिर गया। हमलावर कार लेकर फरार हो गए। घायल मोहम्मद आलम ने बड़े भाई सद्दाम को फोन कर घटना की जानकारी दी और मदद मांगी। आनन फानन परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ मोहम्मद आलम को लेकर दिल्ली रोड स्थित टीएमयू पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि गोली शरीर के आरपार निकल गई लेकिन महत्वपूर्ण आंतरिक अंगों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ इस कारण मोहम्मद आलम की हालत खतरे से बाहर है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मोहम्मद आलम से जानकारी जुटाई। उसने पुलिस को बताया की गांव की ही एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती के परिजन इसका विरोध कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने ही गोली मारकर उसकी जान लेने का प्रयास किया है। इसके बाद पुलिस ने घायल के परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी क्राइम जय भगवान सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है, जांच में प्रेम प्रसंग का विवाद सामने आया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, युवक की हालत खतरे से बाहर है।