अगवानपुर। सिविल लाइंस के अगवानपुर में कार सवार लोग एक महिला काे अगवा कर ले गए। पीड़िता के पिता ने पड़ोसी युवती और उसके रिश्तेदारों पर अगवा करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अगवानपुर के रेलवे स्टेशन कॉलोनी में रहने वाले किसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने फरवरी माह अपनी बेटी की शादी कटघर के गांव में की थी। भैयादूज पर उनकी बेटी घर आई थी। तबीयत खराब होने की वजह से उसको ससुराल नहीं जाने दिया। सोमवार को वह पत्नी के साथ खेत पर काम करने गए थे। जबकि घर पर उनकी तीनों बेटियां मौजूद थीं। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस में रहने वाली युवती घर में आ गई। युवती बहाने से उसको बुलाकर ले गई। कुछ दूर ही युवती के बहनोई और अन्य रिश्तेदार में कार खड़ी की हुई थी। आरोपी उनकी बेटी को जबरन कार में डालकर अगवा करके ले गए। इसकी जानकारी घर पर मौजूद दोनों बेटियों को हुई तो उन्होंने खेत पर पहुंचकर माता पिता को घटना के बारे में बताया। उन्होंने आरोपी युवती और उसके रिश्तेदारों से संपर्क करने के प्रयास किया लेकिन सभी के मोबाइल बंद हैं। मंगलवार को पिता ने पुलिस चौकी अगवानपुर में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी।