कुंदरकी थानाक्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर शनिवार की रात सड़क पर खड़ी लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली में एक वैगनआर कार जा घुसी। इस हादसे में दो महिलाओं, एक बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई। कार में सवार छठे व्यक्ति को चोट लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसआई कुंदरकी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि कुंदरकी क्षेत्र के मझोली में रहने वाले जाहिद अपनी पत्नी फूलजहां के साथ शनिवार की दोपहर कुंदरकी बाजार आए थे। यहां बाजार में फूलजहां संदिग्ध हालात में लापता हो गई। काफी खोजबीन करने पर भी उनका पता नहीं चल सका।
देर शाम इसकी सूचना फूलजहां के मायके मूंढापांडे थानाक्षेत्र स्थित मेंहदी रामपुर गांव में दी गई। वहां से फूलजहां के मायके पक्ष से उसकी भाभी फूल (50), रूबी (40), फूल का बेटा गुड्डू (22), फूल की पोती फातिया (4) और मोहम्मद रफी सूचना मिलने पर फूलजहां की तलाश करने के लिए वैगनआर कार से मझोला जा रहे थे। कार को निकट के गांव मदनापुर का रहने वाला महबूब चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि कुंदरकी क्षेत्र में तेज गति से आ रही यह कार सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। इसमें पंचर था इसलिए यह सड़क पर ही खड़ी थी। इस भीषण हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर जख्मी हो गए जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सभी घायलों को कुंदरकी स्थित सीएचसी ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने गुड्डू, मोहम्मद रफी, रूबी, फूल और फातिया को मृत घोषित कर दिया। महबूब का उपचार किया जा रहा है, उसकी हालत गंभीर है।