मुरादाबाद। फैक्टरी, गोदाम और शोरूम में बड़ी मात्रा में मोमबत्तियां रखीं थीं। आग से मोमबत्तियां जब जलनी शुरू हुईं तो कृष्णा कॉलोनी से लेकर सागर सराय, प्रकाश कुंज कॉलोनी, शिव कॉलोनी तक दहशत फैल गई। रात में लोग अपना घर खाली करके सड़क पर आ गए। रसोई में रखे गैस सिलिंडर तो हर किसी ने बाहर निकाल लिए थे। घबराहट इतनी थी कि घर के पास में उठतीं आग की लपटों को देख कई महिलाएं बेचैन हो गईं। पुलिस दूर जाने को कह रही थी लेकिन वह अपने घर से हटने को तैयार नहीं थे।
मोमबत्ती फैक्टरी से उठीं आग की लपटें शहर में करीब पांच किलोमीटर तक देखी जा रही थीं। क्योंकि रात का वक्त था लिहाजा डर दूर-दूर तक फैल रहा था। कृष्णा कॉलोनी निवासी सचिन मित्तल ने बताया कि वह लोग घरों में सो रहे थे। जब शोर मचा तो सभी बाहर आ गए। पूरी रात सो नहीं पाए। क्योंकि चिंता बनी रही कि आग कहीं फैलकर उनके घर तक न पहुंच जाए। प्रकाश कुंज निवासी उमेश सिक्का ने बताया कि आग लगातार फैलती जा रही थी। पहले फैक्टरी से ही लपटें निकल रहीं थीं लेकिन जब गोदाम तक आग पहुंची तो और भयानक हो गई। हर किसी को यही डर था कि कहीं आग आस-पास के इलाके तक न पहुंच जाए। कीमती सामान लोग घर से निकाल लाए थे। सागर सराय निवासी रितु गुप्ता का कहना था कि जब शोर मचा तो पहले कोई कुछ समझ नहीं पाया। लेकिन जब घर के आंगन में आकर देखा तो दूर से लपटें दिखाई दे रहीं थीं। परिवार के सभी सदस्यों को लेकर बाहर आ गए। पूरी रात डर में ही कटी।