संभल। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी मिथलेश कुमारी के प्रचार में लगे दो वाहनों को पुलिस ने सीज किया है। साथ ही पकड़े गए वाहनों से चुनाव सामग्री बरामद होने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बहजोई क्षेत्र के सीओ गोपाल सिंह ने बताया कि बहजोई में इस्लामनगर रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो कार आती दिखाई दीं। चेकिंग करने पर कांग्रेस पार्टी की चुनाव सामग्री बरामद हुई। कार में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता चंदौसी निवासी टिटू सिंह से चुनाव सामग्री संबंधित जानकारी मांगी तो वह अनुमति पत्र नहीं दिखा सके। दोनों वाहनों के अनुमति पत्र भी नहीं दिखाए गए। इसी क्रम में दोनों वाहनों को सीज कर दिया है और आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी मिथलेश कुमारी का कहना है कि चुनाव सामग्री कम ही कार में रखी हुई थी। दोनों वाहनों की अनुमति के लिए आवेदन कर दिया है।