मुरादाबाद। कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद पौधरोपण के लिए चटकाली गांव जाते समय सड़क के दोनों ओर फैला कूड़े का अंबार देखकर भड़क गए। गांव पहुंच कर डीएम समेत संबंधित अधिकारियों से कूड़े के बारे में सख्त लहजे में पूछा और और सफाई के निर्देश दिए। लौटते समय तक कूड़ा नहीं हटाए जाने पर नाराजगी जताते हुए काफिला रुकवाया और कूड़े की फोटो ली। मंत्री के तेवर से अधिकारी सकते में नजर आए।
कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद मंगलवार सुबह सर्किट हाउस पहुंचे। यहां से करीब बारह बजे उनका काफिला चटकाली गांव के लिए रवाना हुआ। चटकाली में कैबिनेट मंत्री को पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होना था। अगवानपुर नगर पंचायत से आगे बढ़ने पर धूल भरी सड़क से काफिले में शामिल वाहनों के चालकों को दिक्कत होने लगी। धूल के अलावा सड़क के दोनों तरफ जगह जगह कूड़े के ढेर दिखाई दिए। काफिले में 25 से अधिक गाड़ियां मौजूद थीं। गाड़ियों से धूल का गुबार उड़ रहा था। एक स्थान पर टूटी सड़क में पानी भी भरा था। ऊबड़ खाबड़ रास्ते से होते हुए मंत्री का काफिला चटकाली गांव पहुंचा। कैबिनेट मंत्री ने डीएम से पूछा कि रास्ते के दोनों तरफ किस विभाग ने कूड़ा डाला है। डीएम ने कहा कि अभी दिखवा लेते हैं। पता चला कि कूड़ा नगर पंचायत का था। इस मामले में मंत्री ने अधिकारियों को क्लास ली और सफाई पर ध्यान देने की सख्त चेतावनी दी। यहां मंत्री ने गांव के बाहर निर्धारित स्थान पर पौधरोपण किया। इसके बाद बच्चों में दो-दो तुलसी के पौधे बांटे गए। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करने का आह्वान किया। लौटते समय मंत्री ने अचानक काफिला रुकवाया और कूड़े की फोटो खींच ली। काफिला रुकते ही डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी हेमंत कुटियाल सहित अन्य अधिकारी घबरा गए। अधिकारी भी अपनी गाड़ियों से उतरने लगे। एक मिनट में ही मंत्री फोटो लेकर अपनी गाड़ी में बैठ गए। मंत्री की कार्रवाई से अधिकारी सकते में हैं। काफिले में महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद थे।