अनुष्का अस्पताल पर पड़े आयकर के छापे ने शहर के डाक्टरों की नींद उड़ा दी है। अनुष्का पर 36 घंटे तक चली कार्रवाई से निर्यातक और ज्वैलर्स भी परेशान हैं। आने वाले दिनों में आयकर महकमे ने बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
पेट व लिवर रोग विशेषज्ञ डा. राजीव गुप्ता और उनकी पत्नी डा. साधना गुप्ता के नर्सिंग होम और आवास से आयकर विभाग को जो रकम और जेवर मिले हैं उससे महकमे के अफसर उत्साहित हैं। अधिकारी इसे एक सफल कार्रवाई मान रहे हैं। डा. दंपति के घर में आठ किलो सोना और 25 किलो चांदी के जेवर व हीरे के गहने बरामद हुए हैं।
आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि महकमे ने 22 ऐसे डाक्टरों की सूची तैयार की है जिन्होंने अपनी वास्तविक आय के बड़े हिस्से को विभाग से छुपाया है। इसमें कई लैब भी शामिल हैं। निर्यातकों और ज्वैलर्स में भी इस बड़ी छापामार कार्रवाई से हड़कंप मचा है। पूरा दिन सभी की निगाहें डा. राजीव के घर पड़े छापे पर टिकी रहीं।