मुरादाबाद। होमगार्ड परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद से संभल, चंदौसी, अमरोहा रूट पर सुबह पांच बजे से बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुरादाबाद बस अड्डे से अमरोहा और पीतलनगरी बस अड्डे से संभल व चंदौसी के लिए बसों का संचालन होगा। होमगार्ड परीक्षा के दौरान तीन दिन यानी 25, 26 और 27 अप्रैल को सुबह पांच बजे से बसें चलेंगी। पीतलनगरी बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह ने बताया कि होमगार्ड परीक्षा के अभ्यर्थियों को आने-जाने में किसी तरह की कोई परेशानी न होस इसके लिए 50 अतिरिक्त बसें भी लगाई गई हैं। जरूरत पड़ने पर इनका भी संचालन किया जाएगा। बसों के फेरे भी बढ़ा दिए जाएंगे। बस अड्डे पर तैनात कर्मचारियों को तीन दिन तक अवकाश नहीं दिया जाएगा।
00
परिक्षेत्र को मिलेंगे 39 संविदा चालक
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुरादाबाद परिक्षेत्र में संविदा चालकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण का ट्रेड टेस्ट 39 अभ्यर्थियों ने पास कर लिया है। इन अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के टेस्ट के लिए शुक्रवार को लोनी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड रिसर्च सेंटर भेज दिया गया है। इस चरण में सफल होने के बाद इन अभ्यर्थियों से दो हजार रुपये की प्रतिभूति जमा कराकर प्रशिक्षण के बाद बस संचालन का कार्य सौंपा जाएगा। चालकों को प्रति किलोमीटर 2.20 रुपये के आधार पर भुगतान किया जाएगा। इन्हें पारिवारिक फ्री पास भी दिया जाएगा।