प्रसव कराने में बीयूएमएस चिकित्सक का लेबर रूम ओपीडी सील
प्रसव के बाद शिशु की मौत पर पीड़ित पिता ने की थी शिकायत
मुरादाबाद। डिलारी में एक बीयूएमएस चिकित्सक की क्लीनिक में प्रसव कराए जाने पर सीएमओ ने क्लीनिक और लेबर रूम को सील कर दिया। क्लीनिक में प्रसव के बाद शिशु की मृत्यु होने की घटना पर पीड़ित पिता ने सीएमओ से शिकायत की थी। हालांकि पीड़ित ने बाद में शिकायत वापस लेने की बात कही, लेकिन क्रॉसपैथी में इलाज करने के आरोप में क्लीनिक सील किया गया।
गांव गक्खरपुर निवासी दीपक ने रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के यहां शिकायत दी। शिकायती पत्र के अनुसार रविवार को पत्नी सविता को प्रसव पीड़ा होने पर वह उसे डिलारी स्थित जनता हेल्थ क्लीनिक लेकर आए थे। चिकित्सक ने सामान्य प्रसव और सही सलामत शिशु को पैदा करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि चिकित्सक की लापरवाही से शिशु की मौत हो गई। जब उन्होंने शिशु की मौत का कारण पूछा तो उन्हें उलटे सीधे जवाब देकर टरकाया गया। सीएमओ डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर वह डिलारी गए। बाद में शिकायतकर्ता अपनी शिकायत वापस लेने की बात कहने लगा, लेकिन आरोपी चिकित्सक डॉ. मोहम्मद जावेद आलम और डॉ. शमा परवीन के पास बीयूएमएस की डिग्री है। कानूनी रूप से वह एलोपैथी की प्रैक्टिस नहीं कर सकते हैं और न ही प्रसव करा सकते हैं। क्लीनिक चिकित्सक के मकान में है। घर में अंदर जाने का रास्ता क्लीनिक से होकर जाता है। इसलिए क्लीनिक के बजाय लेबर रूम और ओपीडी को सील कर दिया है। दोनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।