अमरोहा के नौगांवा सादात विधानसभा के उप चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए बसपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय पर शराब पार्टी का आयोजन किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। इसके बाद बसपा प्रत्याशी फुरकान के भाई और 30-40 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस कार्रवाई के बाद सभी दलों के प्रत्याशी और उनके समर्थकों में हड़कंप मचा है।
रविवार की रात को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें एक युवक नीली टोपी धारी भीड़ को शराब परोस रहा था। पहले तो शराब पार्टी का यह वीडियो किसी प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का बताया गया। शराब परोसने का वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आया।
एसडीएम नौगांवा सादात इंद्रनंदन सिंह और पुलिस ने मामले की जांच की। इसके बाद यह वीडियो बसपा प्रत्याशी फुरकान अहमद के चुनाव कार्यालय/आवास का निकला।