मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने पर आखिरकार सक्रिय मरीजों की चेन टूट गई। 469 दिन बाद जिला कोरोना मुक्त हो गया है। शनिवार को स्वस्थ होने पर सक्रिय मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही जिले में एक्टिव केस जीरो हो गए हैं। लेकिन संभावित तीसरी लहर को देखते अभी सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिले में अभी तक 39089 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 349 मरीजों की जान चली गई। जिले संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला 16 मार्च 2020 शुरू हुआ था। फ्रांस से आई युवती कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इस मरीज ने 13 दिन में कोरोना को मात दे दिया था। वहीं दूसरा पॉजिटिव केस 19 अप्रैल 2020 को मिला था। इसके बाद सक्रिय मरीजों की चेन बनती चली गई। जो 30 जुलाई 2021 तक नहीं टूटी। पिछले एक हफ्ते से जिले में कोई नया पॉजिटिव केस नहीं मिला। जिले में सिर्फ एक एक्टिव केस था। शनिवार को स्वस्थ होने इस मरीज को भी डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं लैब से आई रिपोर्ट में भी कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला। 469 दिन बाद कोरोना के सक्रिय मरीजों की चेन टूटी तो जिले से कोरोना का साया हट गया। जिला कोरोना मुक्त हो गया।
- करीब हफ्तेभर से जिले में सिर्फ एक एक्टिव केस था। इसके डिस्चार्ज होने पर जिला कोरोना मुक्त हो गया। शनिवार को जिले में कोई सक्रिय मरीज की संख्या शून्य हो गई। इसका ये मतलब नहीं है कि कोरोना वायरस का खात्मा हो गया। अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। सामाजिक दूरी बनाए रखें। मास्क जरूर लगाएं। - डा. एमसी गर्ग, सीएमओ
नौ दिन से नहीं मिला कोई पॉजिटिव केस
मुरादाबाद। जिले में पिछले नौ दिनों से कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। नौ दिनों में आई सभी रिपोर्ट निगेटिव निकली। जिले में आखिरी पॉजिटिव केस 22 जुलाई को मिला था।
लापता संक्रमित का नहीं लगा पता
मुरादाबाद। जिले में बाइस जुलाई को एक युवक संक्रमित पाया गया था। युवक का 20 जुलाई को सैंपल लिया गया था। सैंपल फार्म पर दर्ज युवक का नाम और पता फर्जी पाया गया। युवक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दस दिन के आइसोलेशन के बाद मरीज निष्क्रिय हो जाते हैं।
खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं
मुरादाबाद। एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह ने बताया कि जनपदवासियों के सामूहिक प्रयास से जिला कोरोना मुक्त हो चुका है। सभी से अपील है कि कोविड के प्रोटोकॉल का पालन करें। मास्क लगाकर रखें। हाथ साफ करते रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है।
एक नजर आंकड़ों पर
- 39089 पॉजिटिव केस मिले
- 31391 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुए
- 7349 संक्रमित मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटे