मुरादाबाद। डीएम ने एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनी और कहा कि सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि कोई वास्तविक मतदाता छूट न जाए। इस मामले में एएसडी (अनुपस्थित, सिफ्टेड, डुप्लीकेट) नामों का सत्यापन करने के लिए शनिवार को बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने ठाकुरद्वारा के एक बीएलओ की शिकायत की। इस मामले में डीएम ने संबंधित अधिकारी से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया। जिलाध्यक्ष को बताया गया कि कांग्रेस ने अभी तक अपने बीएलए की सूची निर्वाचन कार्यालय को नहीं दी है। वहीं बसपा के जिलाध्यक्ष निर्मल सागर ने बताया कि उन्होंने जिले में 2644 बीएलए नामित किए हैं। इस बीच डीएम ने बसपा जिलाध्यक्ष को बताया कि यदि पत्नी का 2003 की सूची में नाम नहीं मिल रहा है तो फार्म भर दें। प्रमाण मांगने पर संबंधित व्यक्ति उपलब्ध कराएगा। बैठक के दौरान विधानसभा वार प्रगति की जानकारी दी गई। डीएम ने बताया कि 13 दिसंबर को प्रत्येक बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान राजनीतिक दलों की तरफ से नामित बीएलए का सहयोग प्राप्त करते हुए मतदाता सूची के अनुसार एएसडी नामों का फिर सत्यापन किया जाएगा। यदि त्रुटिवश किसी मतदाता का नाम शामिल होने से छूट रहा हो तो निर्धारित प्रक्रिया अपनाते हुए नाम शामिल कर लिया जाएगा। साथ ही मुरादाबाद की अधिकारिक वेबसाइट moradabad.nic.in पर भी आमजन की सुविधा के लिए जानकारी उपलब्ध रहेगी।
नए मतदाता के लिए फार्म -6 का करें प्रयोग
डीएम ने बताया कि नए मतदाता के रूप में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए भी बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त किया जा सकता है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाता के परिजन भी नियमानुसार गणना पत्र भरकर जमा कर सकते हैं लेकिन नए मतदाता के रूप में नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित फार्म-6 को स्वयं आवेदक को भरकर जमा करना होगा। बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एसआईआर की शंकाओं का समाधान भी किया गया। आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी, 2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के लिए संशोधित तिथियों के अनुसार 26 दिसंबर तक गणना अवधि निर्धारित की गई है। निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन अब 31 दिसंबर को होगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 31 दिसंबर से 30 जनवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। 31 दिसंबर से 21 फरवरी, 2026 तक नोटिस चरण में गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम, एसडीएम सदर डॉ. राम मोहन मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।