कांठ। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को किसान दिवस में किसानों की समस्याओं और मांगों को उठाया। इसी के साथ चार सूत्री मांग पत्र भी जिलाधिकारी को दिया गया है।
भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को पदाधिकारी, कार्यकर्ता किसान दिवस में पहुंचे। यहां एक-एक बिंदु पर अधिकारियों से वार्ता की गई। अंत में सहकारी समितियों का वर्ष 2024-25 और 2025-26 का किसानों के ऋण अनुदान खातों में नहीं पहुंचने, किसानों को एनपीके, डीएपी और यूरिया जरूरत के मुताबिक उपलब्ध नहीं होने व निजी दुकानदारों द्वारा यूरिया के साथ अन्य जिंस देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने और ठाकुरद्वारा-सुरजननगर मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को पत्र दिया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव डॉ. चरन सिंह, पश्चिमी यूपी उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा, जिला महासचिव चौधरी यशपाल सिंह, नरेश प्रताप सिंह, सुदेश कुमार, माखन सिंह, आशु बालियान, चौधरी वीर सिंह, तहसील अध्यक्ष कांठ चौधरी दर्शन सिंह आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रीय आह्वान पर किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर 21 जुलाई को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के द्वारा कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बुधवार को जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा ने जिला स्तरीय पदाधिकारी, तहसील अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों से 21 को अधिक से अधिक संख्या में किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचने का आह्वान किया है।