थाना क्षेत्र के मैरिज हॉल में एक शादी समारोह था। जिसका लाभ उठाकर चोर ने एक बाइक चोरी कर ली। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से चोर को पकड़ लिया। बाद में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा के गांव किवाड़ निवासी जोगिंदर सिंह की भतीजी की शनिवार रात नगर में थाने के पीछे स्थित मैरिज हॉल में शादी थी। इसका लाभ उठाकर एक चोर जोगिंदर की सुपर स्पैंडर बाइक चोरी करके ले गया। जोगिंदर और उसके परिजनों ने बाइक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मैरिज हॉल के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज को देखा गया तो एक युवक बाइक को चोरी करके ले जाता हुआ दिखाई। इसके बाद जोगिंदर ने कांठ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक स्वामी की मदद से चोर की पहचान कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान चोरी की गई बाइक भी उसके घर से बरामद हो गई। जिसके बाद पुलिस ने जोगिंदर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।