भगतपुर। थाना क्षेत्र में दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर खैरखाता गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और सात वर्षीय बेटी घायल हो गई।
भगतपुर थाना क्षेत्र के सीतापुर निवासी दिनेश (30) बाइक से पत्नी क्रांति (28) और सात वर्षीय बेटी वंशिका को लेकर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सिरसखेड़ा में अपनी रिश्तेदारी में गया था। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे दिनेश पत्नी और बेटी को लेकर घर वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर खैरखाता के पास कार ने दिनेश की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दिनेश और उनकी पत्नी व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया जबकि क्रांति की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। बेटी वंशिका भी घायल हुई है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दिनेश कुमार के भाई गौतम कुमार ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कार चालक की तलाश की ज रही है।