मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
कटघर थानाक्षेत्र के देहरी गांव निवासी मोहित सैनी गुरुवार देर रात एक बजे अपने दोस्त महबुल्लागंज निवासी पवन के साथ पाकबड़ा जा रहा था। मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर होटल ड्राइव इन 24 के पास किसी अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोहित और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां डाक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन को भर्ती कर लिया गया। मझोला थाना प्रभारी मुकेश शुक्ला ने बताया ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।