कांठ। शादी समारोह में शामिल होने गए युवक की सड़क पार करते समय हादसे में मौत हो गई। हालांकि उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांव पाइंदापुर का रहने वाला दिनेश कुमार (45) पुत्र दौलत सिंह गांव में ही नाई का काम करता था। वह पास में ही मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर स्थित थाना छजलैट क्षेत्र के गांव रजपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। यहां मुरादाबाद सड़क पार करते समय दिनेश कुमार को उमरी चौराहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देकर चालक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। इधर बाइक की टक्कर लगने से दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे जानकारी मिलते ही छजलैट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां अस्पताल पहुंचते ही दिनेश की मौत हो गई। मृतक के भाई सोबीर सिंह ने छजलैट पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने बाइक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक के भतीजे रिंकू ने बताया कि उसके चाचा अविवाहित थे, वह उसके पास ही रहते थे और अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। दिनेश की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। भाई सोबीर सिंह, भतीजे रिंकू सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।