मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मूंढापांडे। दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित नियामतपुर इकरोटिया टोल के पास रविवार रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मूंढापांडे के गांव दुपैड़ा निवासी बाइक सवार आनंदपाल (38) की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि मूंढापांडे के दुपैड़ा निवासी आनंदपाल (38) कटघर क्षेत्र में काशीपुर तिराहे पर कपड़े सिलाई का काम करता है। रविवार रात करीब आठ बजे वह दुकान से घर लौट रहा था। मूंढापांडे क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नियामतपुर इकरोटिया टोल के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी मूंढापांडे में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन पहुंच गए। परिजन आनंद पाल बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी नीरज, बेटा रवि, दो बेटियां चांदनी व प्रियांशी हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।