उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक और बड़ा हादसा हुआ। मैनाठेर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम छह बजे मुरादाबाद - संभल हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर कार बाइक से बचाते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इस भीषण हादसे में एलआईसी की चंदौसी ब्रांच के मैनेजर उनकी पत्नी और बेटे की जख्मी हालत में कार में ही फंसने के कारण ज्यादा खून बहने से मौत हो गई जबकि मृतका का बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है।
संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलम सराय निवासी अशोक सैनी (48) उनकी पत्नी सुमन सैनी (42) बेटा संदीप सैनी (28) स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर सुमन के इलाज के लिए मुरादाबाद में डॉक्टर के पास आ रहे थे। साथ में सुमन का भाई प्रमोद सैनी निवासी हरिद्वार भी मौजूद थे।
अशोक सैनी के बेटे संदीप की परचून की दुकान है। पुलिस के मुताबिक जब कार मैनाठेर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-संभल हाईवे पर ग्राम नगलिया मशकूला चौराहे पर पहुंची तभी सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।