बिलारी। नगर स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय सभागार में शनिवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन टिकैत की तहसील इकाई की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी जताते हुए आगामी 11 फरवरी को एसडीएम बिलारी कार्यालय पर धरना देने की सहमति बनी।
बैठक में भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि देहात के कई ग्रामों के संपर्क मार्गों वाली सड़कें टूटी हुई हैं। कई ग्रामों के जंगलों में छुट्टा गोवंशीय पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। देहात इलाके के फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल की पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है तथा कई विद्युत लाइनों के जर्जर तारों को अभी तक नहीं बदल गया है। बिलारी चीनी मिल द्वारा सामान्य प्रजाति का गन्ना लेने में आनाकानी की जा रही है।
भाकियू पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बीती 26 जनवरी को भाकियू की तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा के बिलारी तहसील में पहुंचने पर सूचना के बावजूद तहसील के अधिकारी किसानों की समस्याओं का ज्ञापन लेने नहीं आए। बैठक में तय किया गया कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग को लेकर आगामी 11 फरवरी को तहसील में एसडीएम कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता भाकियू टिकैत के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव और संचालन जिला प्रवक्ता जयवीर चौधरी ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष भानू सिंह यादव, बिलारी ब्लॉक अध्यक्ष हाजी माजिद अंसारी, कुंदरकी ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम पाल सिंह, डा. अनीस अहमद, अमित चौधरी, बब्लू यादव, देवेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, राजकुमार यादव, शराफत हुसैन आदि ने विचार रखे।
फोटो परिचय-10,11