ठाकुरद्वारा। सोमवार को भाकियू अराजनैतिक महिला प्रकोष्ठ की कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों से वार्ता के बाद मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर घोषित अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
यूनियन की महिला प्रकोष्ठ की तहसील अध्यक्ष ज्योति चौहान के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में मंदिर के पास धरना प्रदर्शन शुरू किया।
इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। उनकी मांग आंगनवाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय से राशन वितरण करने, सरकारी शराब की दुकानों के खुलने और बंद होने का समय दुकान पर अंकित होने, क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की बिक्री को बंद करने, स्मैक, सुल्फा आदि नशे के कारोबार पर प्रतिबंध लगाने, गोपीवाला और कमालपुरी खालसा में चलने वाले जुआ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने सहित कई मांगे शामिल थीं।
बाद में एसडीएम प्रीति सिंह, आबकारी निरीक्षक सूर्यकांत, भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह ने धरना प्रदर्शन कर रही यूनियन के महिला कार्यकर्ताओं से वार्ता की। आबकारी निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि वह अपने विभाग से संबंधित समस्याओं पर वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर उस पर कार्रवाई करेंगे। इस पर धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ता ओमवती, पूनम देवी, सुमन आदि मौजूद रही।