बिलारी। तहसील के आपूर्ति कार्यालय में नए राशन कार्ड बनने में देरी की समस्या को लेकर गए भाकियू अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष ने आपूर्ति निरीक्षक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। बाद में भाकियू अराजनैतिक के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर आपूर्ति निरीक्षक केखिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बिलारी ब्लॉक अध्यक्ष मनवीर यादव मंगलवार दोपहर कई संगठन कार्यकर्ताओं के साथ तहसील के आपूर्ति कार्यालय में गए थे। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष के अनुसार संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा दो माह पहले आपूर्ति कार्यालय में जरूरी अभिलेख जमा किए जाने के बाद भी अभी तक उनके नए राशन कार्ड नहीं बन पाए। ब्लॉक अध्यक्ष का आरोप है कि जब उन्होंने आपूर्ति निरीक्षक से राशन कार्ड बनने में देरी की वजह पूछी तब उन्होंन स्पष्ट कह दिया कि कोई नया राशन कार्ड नहीं बनेगा। ब्लॉक अध्यक्ष का यह भी आरोप है कि आपूर्ति निरीक्षक ने अभद्रता करते हुए उन्हें अपने कार्यालय से बाहर निकाल दिया।
ब्लॉक अध्यक्ष के बुलावे पर भाकियू अराजनैतिक के युवा जिलाध्यक्ष अंकुर चौधरी, बिलारी तहसील अध्यक्ष विक्की चौधरी, मंडल सचिव राजपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सूरज सिंह, जिला उपाध्यक्ष खिलेंद्र सिंह, जिला संचिव सतेंद्र लाठर आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंच गए और एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष से अभद्रता करने वाले आपूर्ति निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों को समझा बुझाकर शांत करते हुए जांच कराने भरोसा दिलाया। उधर बिलारी तहसील के आपूर्ति निरीक्षक ने किसानों को आरोप को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्होंने अपने कार्यालय में किसी से कोई अभद्रता नहीं की।
फोटो परिचय-10,11