मंडी धनौरा। एकादशी के अवसर पर श्री खाटू श्याम मित्र मंडल की ओर से रविवार की शाम नवदुर्गा शिव साईं मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने कर्णप्रिय भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिमय होकर झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर शीश के दानी खाटू नरेश का फूलों से बहुत ही भव्य शृंगार किया गया था।
गणेश व सरस्वती वंदना के बाद भजनों का सिलसिला शुरू हुआ। भजन संवाहक दीपक शर्मा ने कर्णप्रिय भजन ये प्रार्थना दिल की बेकार नहीं होगी, पूरा है भरोसा मेरी हार नहीं होगी सांवरे जब तू मेरे साथ है प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु झूमने लगे। दीपक शर्मा ने मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है प्रस्तुत किया। शौर्य मित्तल ने तेरा किसने किया शृंगार और सांवरे तुम हारे का देते हो साथ भजन प्रस्तुत किया। मीनू शर्मा ने देना है तो दीजिए जनम जनम का साथ, मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने ये दोनों हाथ भजन पर श्रद्धालु खूब झूमे। देर रात बाबा की आरती कर भोग लगाया गया। प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर पीतम सिंह, हर्ष, नमन रस्तोगी, विनीत, प्रमोद कुमारी, सौरभ शर्मा, देव शर्मा आदि मौजूद थे।