कांठ। बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर उनकी दीर्घायु की कामना की और गोले व मिठाई भेंट किए। भाइयों ने भी बहनों को उपहार दिए।
भाई दूज पर कांठ बस स्टैंड और अन्य निजी वाहन अड्डों पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ रही। वाहनों में अत्यधिक भीड़ के कारण बहनों को परेशानी हुई। निजी और सरकारी वाहनों में तीन गुना से भी अधिक यात्रियों को ले जाया गया। कांठ के छजलैट और उमरी कलां क्षेत्रों में भी यह त्योहार खुशी से मनाया गया। त्योहार के दौरान डग्गामार वाहनों और बाइक चालकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और नगर के व्यस्त स्थानों पर पुलिस सुरक्षा ड्यूटी पर रही।
उधर, बुधवार को भाई दूज पर नगर और क्षेत्र में गोले व मिठाई की जमकर खरीदारी हुई। इससे बाजारों में भारी भीड़ रही और दुकानदार उत्साहित दिखे। गोले की महंगाई ने बहनों का बजट बिगाड़ा, यह 350 रुपये प्रति किलो तक बिका। मिठाइयों पर भी महंगाई की मार रही, जो कम से कम 300 रुपये प्रति किलो बिकीं।