साईं अस्पताल में भर्ती टीचर की पिटाई का शिकार छात्र
- फोटो : अमर उजाला
खुशहाल पुर सि्थत एक निजी स्कूल में छत से छात्र के कूदने की घटना से सकूल में सनसनी फैल गई। छात्र आयुष बहन की क्लास में ले जाकर पीटे जाने से आपा खो बैठा था। इसी के बाद उसने इतना बड़ा कदम उठाया और छत से छलांग लगा दी।
छात्र के परिजनों ने बताया कि उसे पहले उसकी क्लास में पीटा गया फिर बहन की क्लास में ले जाकर पीटा गया। इसके बाद छात्र बुरी तरह आहत हो गया था और छत से कूद गया, मझोला थाना क्षेत्र में खुशहालपुर स्थित अलकनंदा कालोनी में रहने वाले एसबीआई के मैनेजर अशोक कुमार का बेटा आयुष (13) खुशहालपुर रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल की कक्षा सात में पढ़ता है।
बैंक मैनेजर की बेटी मुस्कान (15) भी इसी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। बकौल मुस्कान गुरुवार को दोपहर करीब पौने तीन बजे उसकी क्लास में मौजूद टीचर विवेक माथुर ने क्लास के एक स्टूडेंट के कहने पर उसके भाई आयुष को पहले 7 वीं क्लास में जाकर पीटा फिर उसे पीटते हुए नवीं क्लास तक ले आए।
नवीं क्लास में भी टीचर ने सभी स्टूडेंट्स के सामने आयुष को थप्पड़ मारे और उसे गालियां भी दीं। इसके बाद उसे पीटते हुए बाहर ले गए। टीचर द्वारा किए गए अपमान से आहत आयुष चिल्लाता हुआ स्कूल की छत की तरफ भागा।
आयुष ने कहा कि टीचर विवेक माथुर ने उसकी इंसल्ट की है वह सुसाइड कर लेगा। आयुष को पकड़ने के लिए स्टूडेंट़्स और कुछ टीचर भी दौड़े लेकिन आयुष बहुत तेजी से स्कूल की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी। सातवीं के छात्र के छत से छलांग लगाते ही स्कूल में हड़कंप मच गया।
आयुष को तुरंत साईं अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी बदहवास हालत में दौड़ते हुए अस्पताल पहुंचे। साईं अस्पताल से आयुष को देर शाम दिल्ली रेफर कर दिया गया है। छात्र के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता बेटे का बेहतर इलाज कराना है, उसके बाद मामले में कार्रवाई करेंगे।