बिलारी। ब्लॉक मुख्यालय वाले रुस्तमनगर सहसपुर गांव में राजमहल रोड स्थित परिषदीय जूनियर हाईस्कूल का शनिवार सुबह वार्षिक समारोह आयोजित हु़आ। समारोह में बीडीओ ने मेधावी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
स्कूल के छात्र छात्राओं रिया, खुशी, बेबी, पल्लवी, शिवांग, दक्ष, शान और इमरान ने स्वागत गीत समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल के प्रधानाध्यापक फरहत अली ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे बीडीओ नरेशपाल सिंह ने स्कूल की अलग अलग कक्षाओं की मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बीडीओ ने छात्राओं से मिलकर उनकी शिक्षा संबंधी भावी कार्ययोजना को जाना।
चार माह पहले मिशन शक्ति अभियान के दौरान ब्लॉक बिलारी कार्यालय पहुंचकर बीडीओ बनने वाली इस कॉलेज की कक्षा आठ की छात्रा तुलसी से जब बीडीओ ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तब उसने बताया कि वह डीएम बनना चाहती है। छात्रा मानसी ने मिलिट्री अफसर बनने की इच्छा जताई। बीडीओ ने सभी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के माहौल में पढ़ाई करते रहें। इस दौरान स्कूल की शिक्षिका पारुल वाजपेयी और जगवती ने भी विचार रखे। स्कूल प्रधानाध्यापक फरहत अली ने स्कूल में संचालित हो रही न्याय पंचायत स्तरीय नक्षत्रशाला का छात्र हित में उपयोग किए जाने की भी जानकारी दी।