बिलारी। ब्लॉक के धर्मपुर कलां और फतेहपुर नत्था गांव में शुक्रवार दोपहर पंचायतीराज विभाग की ओर से ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं भी बताईं।
धर्मपुर कलां में पंचायत सचिवालय पर आयोजित ग्राम चौपाल में बीडीओ ने पीएम किसान सम्मान योजना, पीएम आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, कन्या विवाह योजना, मनरेगा योजना आदि के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। बीडीओ ने कहा कि गर्मी और बारिश के मिलेजुले मौसम में गांव के लोग सफाई पर विशेष ध्यान दें और स्वयं को बीमारियों से बचाकर रखें। इस दौरान ग्रामीणों ने पात्र गरीबों के राशन कार्ड बनने, निर्धारित शेडयूल की पूरी बिजली मिलने, स्वास्थ्य उपकेंद्र पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने आदि मांगें रखीं। ग्राम चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान पप्पू सिंह और संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी मोनिता चौधरी ने किया।
बीडीओ ने धर्मपुर कलां गांव के परिषदीय स्कूल, सामुदायिक शौचालय, पंचायत सचिवालय और स्वास्थ्य उपकेंद्र आदि का भी निरीक्षण किया। बीडीओ ने स्कूल कक्षों में जाकर बच्चों से सवाल पूछकर उनकी योग्यता को परखा। उन्होंने पंचायत सचिवालय से ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं मिलने की बावत भी जानकारी ली। फतेहपुर नत्था गांव में पंचायत सचिवालय पर आयोजित ग्राम चौपाल में एडीओ सहकारिता ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यहां चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान नीरेश देवी और संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी जयपाल सिंह ने किया।