मुरादाबाद। प्रदेश स्तरीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मैच में मिर्जापुर मंडल की टीम को 27-0 से करारी शिकस्त दी। टीम की जीत में निशिता और अर्षिता ने अहम भूमिका निभाई।
खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश बास्केटबाॅल संघ की ओर से सोनकपुर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। बुधवार को प्रतियोगिता का उद्धाटन मुख्य अतिथि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की संयोजक अल्पना रितेश गुप्ता और विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक रुद्र कुमार ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय कर मैच का शुभारंभ कराया।
प्रतियोगिता का पहला मैच वाराणसी और सहारनपुर के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने 29-12 के अंतर से मैच अपने नाम किया। टीम की ओर से पलक ने दस और अवनी ने छह गोल किए। दूसरा मैच आगरा और मेरठ के बीच खेला गया, जिसमें आगरा ने 35-6 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। विजेता टीम के लिए मानसी ने 14 और खनक ने छह गोल किए।
प्रतियोगिता का तीसरा मैच मुरादाबाद और मिर्जापुर के बीच खेला गया, जिसमें मुरादाबाद ने 27-0 से एकतरफा जीत हासिल की। टीम के लिए निशिता ने दस और अर्षिता ने छह गोल किए। पहले दिन का आखिरी मैच आगरा और बरेली के बीच खेला गया, जिसमें आगरा ने 32-8 के अंतर से जीत हासिल की। विजेता टीम के लिए सोनी ने दस और अंकिता ने आठ गोल किए। मैच में उमेश साहू, सौरभ सिंह, उमेश सिंह, कुलदीप सिंह, मोहित चौधरी, अनमोल, गगन और वैभव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, देवीपाटन, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या और सहारनपुर मंडल की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस माैके पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. अजय पाठक, कुश्ती प्रशिक्षक गोविंद यादव, खोखो कोच धीरज कुमर, प्रदीप सक्सेना, अंकित अग्रवाल और नरेशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।