मुरादाबाद। सिविल लाइंस स्थित इंडियन बैंक पर पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। बैंक कर्मचारियों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है।
यूएफबीयू के मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि पांच दिन बैंकिंग केवल किसी एक कर्मचारी या एक बैंक की मांग नहीं है, बल्कि बैंकिंग क्षेत्र के लाखों कर्मचारियों से जुड़ा सामूहिक मुद्दा है। इसके लिए सभी बैंक कर्मचारी संगठनों और कर्मचारियों की एकजुटता जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान सरकार और संबंधित अधिकारियों से बैंक कर्मचारियों की मांगों पर सार्थक संवाद स्थापित कर समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की गई।
यूएफबीयू ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने, पीएलआई (प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन) व्यवस्था का समान और न्यायसंगत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि पीएलआई से जुड़े मुद्दों का समाधान करते हुए पात्र कर्मचारियों को योजना का लाभ दिया जाए। इसके अलावा बैंकों में पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
संगठन ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार और कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए बैंकों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। इस मौके पर एसपी सिंह, यश चौधरी, सचिन चौधरी, दिनकर राव, सुरभि शर्मा, अभिनव यादव, अंकित वार्ष्णेय, नवनीत कुमार, अमित भारद्वाज आदि मौजूद रहे।