अमरोहा में बवाल के बाद कोट चौराहे पर बंद पड़ा मुख्य डाक घर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। सर्वर में खराबी और बाजार में बंदी के चलते शनिवार को बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा। इसके चलते बड़े लेनदेन नहीं हो सके। करीब चालीस करोड़ का लेनदेन प्रभावित रहा। बैंकों में बमुश्किल दो से तीन करोड़ की रकम ही जमा निकासी हुई। पोस्ट ऑफिस में भी कामकाज बाधित रहा। अब 23 दिसंबर से बैंकों में कामकाज पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
नागरिकता संशोधन कानून के चलते शनिवार को भी शहर में तनावपूर्ण माहौल रहा। इसके चलते कई प्रतिष्ठान लगभग बंद रहे। सुबह में कुछ इलाकों में दुकानें खुली लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद बंद होने लगी। इसके चलते रकम की जमा निकासी नहीं हो सकी। शहर के कोर्ट चौराहा स्थित पोस्ट ऑफिस में सर्वर की खराबी से काम बंद रहा। इसके चलते मुख्य द्वार का चैनल भी बंद रहा। लोग आराम से काउंटर पर पहुंच गए। आम दिनों में रकम के लिए कतार में खड़ा होना पड़ता है। आजाद रोड स्थित सिंडिकेट बैंक समेत अन्य बैंक शाखाओं में दोपहर के बाद रकम की जमा निकासी नहीं हुई। लगातार दूसरे दिन बैंकिंग सेवा प्रभावित होने से बैंक प्रबंधन चिंतित रहे। एलडीएम प्रशांत कुमार ने बताया कि काम काज हुआ है बमुश्किल 10 प्रतिशत रकम की जमा निकासी हुई है। जिले में करीब चालीस करोड़ रुपये का लेन देन प्रभावित हुआ।