शाहबाद। कोतवाली परिसर में सोमवार को पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने कहा कि शादी समारोह व अन्य कार्यक्रमों में जातिसूचक गाने बजाने पर डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने डीजे संचालकों को हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जातिसूचक गाने नहीं बजाएंगे। अगर कहीं जातिसूचक गाने बजते हुए मिले या शिकायत आई तो उस डीजे संचालक पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीजे के पूरे सिस्टम को सीज कर दिया जाएगा।
ज्ञात रहे कि पूर्व में शाहबाद के कई गांवों में बरातों के दौरान बजाए गए जातिसूचक गानों से माहौल खराब हो गया था। बरातों में मारपीट तक हो गई थी, जिस कारण कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसी के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने डीजे संचालकों को जातिसूचक गाने बजाने पर रोक लगाई है।