मुरादाबाद। बेसमेंट में कोचिंग सेंटर और अस्पताल का संचालन नहीं होगा। नेशनल बिल्डिंग कोड 2016 के मानकों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति के लिए सचेत एप और माॅक ड्रिल अनिवार्य कर दिया गया है। बहुमंजिला इमारतों पर लाइटनिंग कंडक्टर लगाए जाएंगे। साथ ही हर परिसर में इमरजेंसी नंबर चस्पा किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
लखनऊ की घटना को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल ने करीब 250 कोचिंग, होटल और लॉन संचालकों के साथ बैठक की। करीब दो घंटे चली इस बैठक में बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया। अफसरों ने कहा कि बेसमेंट में अस्पताल, रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटर का संचालन आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इन्हें शत-प्रतिशत बंद किया जाएगा। गैस सिलिंडर से होने वाले हादसों को रोकने के लिए एलपीजी की जगह पीएनजी के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
पुरानी और बाहर लटकती वायरिंग को दुरुस्त कराने के निर्देश संचालकों को दिए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शीशे से पूरी तरह पैक इमारतों और एमडीए से पास नक्शे के विपरीत निर्माण करने वालों पर अब बिना नोटिस के एमडीए सीधी कार्रवाई करेगा।
इस दाैरान एमडीए वीसी अनुभव सिंह, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, एमडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गण मौजूद रहे।
000
तंग गलियाें में चल रहे सेंटरों को चिह्नित कर रही टीम
मुरादाबाद। प्रशासन की पांच टीमें डीआईओएस की सूची वाले 40 बड़े संस्थानों के साथ-साथ तंग गलियों में चल रहे 10-15 छोटे सेंटरों को भी चिह्नित कर रही हैं। एक-दो कमरों वाले जिन छोटे संस्थानों में अग्निशमन यंत्र मिले हैं, वहां टीमों द्वारा स्टाफ को आपात स्थिति में उन्हें चलाने का उचित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
00
मॉक ड्रिल कराने, सचेत एप डाउनलोड करने के निर्देश
मुरादाबाद। बैठक में सभी संस्थानों में सक्रिय फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर और बहुमंजिला इमारतों पर लाइटनिंग कंडक्टर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। हर परिसर में एंट्री-एग्जिट प्लान के साथ फायर ब्रिगेड (101), पुलिस (112) और एंबुलेंस (108) के नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा होने चाहिए। किसी भी ऑटोमैटिक गेट को इमरजेंसी निकास नहीं माना जाएगा। साथ ही स्टाफ को माॅक ड्रिल कराने और आपदा से पूर्व अलर्ट करने वाले सचेत एप को डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।