बिलारी। नगर में शाहबाद रोड स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में रविवार दोपहर अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की बिलारी तहसील इकाई की मासिक बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान जाट समाज से सामाजिक कुरीतियां दूर करने और शादियों में फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की मांग उठाई गई।
बैठक में वक्ताओं ने सबसे पहले सरकार द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान की सुरक्षा बहाल किए जाने पर खुशी जताई। वक्ताओं ने कहा कि जाट समाज शिक्षित और जागरूक समाज माना जाता है, लिहाजा समाज में नशापान और मद्यपान जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म किया जाना जरूरी है। वक्ताओं ने कहा कि शादी समारोह के दौरान अनावश्यक फिजूलखर्ची पर रोक लगाई जाए तथा जाट समाज के आपसी विवाद मिल बैठकर समझौते के जरिए निपटाए जाएं।
बैठक में जाट समाज की शिक्षा, खेल, कृषि, विज्ञान, राजनीति, समाजसेवा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर और अधिक प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। समाज की गरीब परिवारों की मेधावी छात्राओं को अच्छी पढ़ाई करने में हर तरह से सहयोग करने की बात रखी गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य चौधरी ओमपाल सिंह और संचालन शिक्षक नेता चौधरी सरजू सिंह ने किया।
बैठक में जाट महासभा के बिलारी तहसील अध्यक्ष आनंदवीर सिंह, पूर्व अध्यक्ष उदयपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष सुनील लाठर, पूर्व अध्यक्ष हरपाल सिंह, भूरे सिंह फौजी, विक्की चौधरी, भयराज सिंह, सूरज सिंह, अमर सिंह, विजय सिंह, चंद्रविजय सिंह, विजयपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अजयवीर सिंह, कुलदीप सिंह, महावीर सिंह, राजेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, दिशांत चौधरी, सतीश चौधरी, सुखवीर सिंह, रंजीत सिंह आदि ने विचार रखे।