केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने पंडित श्याम प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन पर शनिवार को मुरादाबाद मंडल में भाजपा के सर्व सदस्यता अभियान की शुरूआत की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 11 करोड़ सदस्यों वाली भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव में रिकार्ड जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के काम को पसंद करते हैं, लेकिन वोट नहीं देते हैं। पार्टी देशभर में ऐसे ही लोगों तक पहुंचेगी और 20 करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करेगी।
पंचायत भवन में केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अभियान का श्रीगणेश किया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मंडल में भाजपा सीटें नहीं जीत पाई। जातिगत और धार्मिक समीकरण भाजपा के पक्ष में नहीं थे। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को मंडल में अधिक मेहनत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के काम को पसंद करने एवं वोट नहीं देने वालों का विगत डेढ़ महीने में विचारों में परिवर्तन आया है। पार्टी कार्यकर्ता गांव गांव और घर घर जाकर ऐसे लोगों तक पहुंचेंगे और पार्टी से जोड़ेंगे। संजीव बालियान ने कहा कि पुराने सदस्यों का नवीनीकरण कराने के साथ नए सदस्यों के साथ देशभर में 20 करोड़ का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। समय-समय पर पार्टी के नेता अभियान की समीक्षा करेंगे।
पंचायत राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मंडल में गठबंधन के चलते भाजपा को सीटें नहीं मिली। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अभियान दस अगस्त तक चलेगा। इसमें सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सदस्यता बूथ, कैंप और व्यक्तिगत स्तर पर होगी। अभियान जिले से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। 50 प्राथमिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ता को सक्रिय सदस्य फार्म मिलेगा। वरिष्ठ पदाधिकारी सेक्टरों पर विस्तारक बनाएंगे।
इस दौरान दर्जा मंत्री गोपाल अंजान, पश्चिम मंत्री देवराज राज सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, विधायक रितेश गुप्ता, राजेश चुन्नू, जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा, गिरीश वर्मा, राहुल शर्मा, राजीव गुप्ता, सुरेश सैनी और आकाश पाल समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा और संचालन महानगर महामंत्री गिरीश वर्मा ने किया।