मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र के पटेल नगर में किराये के एक मकान में रह रहे एक बैडमिंटन कोच को मोहल्ला निवासी एक युवक ने शराब के नशे में घर में घुस कर पेट में चाकू मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। कोच ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी। लेकिन बाद में आरोपी के माफी मांगने पर कोच ने उसे माफ कर दिया।
बरेली के कैंट क्षेत्र निवासी सचिन बैडमिंटन कोच हैं। वह यहां पटेल नगर में किराये के एक मकान में अपने एक अन्य साथी मनीष कुमार के साथ रहते हैं। सचिन ने बताया कि रविवार सुबह करीब दस बजे उन्हीं के मोहल्ले में रहने वाला एक युवक शराब के नशे में अचानक उनके घर में घुस आया और चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बचाव किया, लेकिन चाकू पेट में लग जाने से वह घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर आरोपी घर से निकल कर अपने घर में चला गया। उन्होंने इसकी शिकायत पहले उसके घर वालों से की। बाद में उन्होंने सिविल लाइंस थाने पहुंच कर पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। इस पर पुलिस आरोपी युवक को भी थाने बुला लाई। जहां उसने अपनी गलती मान ली और हाथ जोड़ माफी मांगी। जिसके बाद कोच ने उसे माफ कर दिया। इसके बाद दोनों थाने से चले गए।