मुरादाबाद में बाबा रामदेव ने नेचुरोपैथी सेंटर शुरू किया
- फोटो : अमर उजाला
योग गुरु बाबा रामदेव मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा है कि कांग्रेस में टूटफूट न हो, मैं इसकी प्रार्थना करता हूं। कांग्रेसी पतंजलि में आ जाएं तो योग के जरिए उनके आपसी मनमुटाव को दूर कर दूंगा। वह मुरादाबाद में एक नैचुरोपैथी सेंटर में आए थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि देश भर में एक हजार पतंजलि योग वेलनेस सेंटर (नैचुरोपैथी सेंटर) खोले जाएंगे। बोले, इसकी शुरुआत मुरादाबाद से की जा रही है, जल्द ही बड़ा आयोजन कर विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
बाबा रामदेव मंगलवार को दोपहर में हेलीकॉप्टर से सर्किट हाउस मुरादाबाद पहुंचे। यहां से वह कार द्वारा कांठ रोड स्थित नैचुरोपैथी सेंटर पहुंचे, जहां योग प्रेमियों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पतंजलि योग संस्थान ने प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में कदम बढ़ा दिया है और इससे ड्रग माफिया भयभीत हैं।
उन्होंने आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को बताते हुए कहा कि इससे लोग ठीक हो रहे हैं। बोले, हम कभी यह नहीं कहते कि इस चिकित्सा पद्घति से मरीज को ठीक कर देंगे, बल्कि हमने ऐसा कर दिखाया है। प्राकृतिक चिकित्सा से लाइलाज बीमारों को भी ठीक किया है।