उर्दू गेट तोड़ती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
बता दें स्वार रोड पर बने उर्दू गेट को ध्वस्त कर दिया गया है। सपा शासनकाल में बनाए गए इस गेट की ऊंचाई कम थी, इससे बड़े वाहनों का आवागमन बंद था। प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आते ही इस गेट को तोड़े जाने की मांग उठ रही थी। इसकी शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने एडीएम (प्रशासन) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी गठित की थी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर बुधवार की सुबह उर्दू गेट को ध्वस्त कर दिया गया।
सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे आजम खां ने स्वार रोड पर कम ऊंचाई का गेट बनवाया था। इसका मकसद स्वार रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाना था। सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन) की यूनिट 30 ने इसका निर्माण कराया गया था।
करीब 40 लाख रुपये की लागत से यह गेट बनकर तैयार हुआ जो देखने में बेहद खूबसूरत था लेकिन, लोक निर्माण विभाग के अफसरों की माने तो सीएंडडीएस ने यह गेट पूरी तरह से नियम विरुद्ध बनाया था। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग से एनओसी तक नहीं ली गई थी। नगर पालिका ने इसका नक्शा पास किया था लेकिन, रामपुर विकास प्राधिकरण से कोई अनुमति नहीं ली गई। हालांकि, तब आजम खां के मंत्री होने की वजह से कोई इसका विरोध नहीं कर सका।