कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर पहुंचे सीबीआई के अधिकारियों को डीटेन किए जाने की घटना पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसा इस लिए हो रहा है कि पिछले पांच वर्षों में राजनैतिक लोगों द्वारा दुरुपयोग करने के चलते सीबीआई, ईडी और दूसरी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बेतहाशा गिरी है।
आजम खां ने इस घटना पर कहा कि दरअसल हुआ यह है कि इन गुजरे पांच सालों में लोकतंत्र को कमजोर हुआ है। हमारी जो स्वतंत्र एजेंसियां थीं उनका गलत इस्तेमाल हुआ है।
इनका इतना मज़ाक बना की इनकी विश्वसनीयता खत्म हो गयी और सियासतदानों ने अपने मकसद के लिए अपने उद्देश्यों के लिए इनका इस्तेमाल किया।
ये जो कुछ हो रहा है चाहे वह सीबीआई हो, ईडी हो, आईबी हो या जो स्टेट एजेंसीज होती हैं यह हो इनके बारे में लोगों की बहुत अच्छी राय नहीं रह गई है । यह जो कुछ हुआ है पश्चिम बंगाल में वह इसी पृष्ठभूमि में हुआ है कुछ और अच्छा होना चाहिए था ताकि भरोसा पैदा होता।