आज बंद रहेगी, सब्जी-फल और मछली मंडी
अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के कारण सोमवार को फल और सब्जी मंडी के साथ रामपुर दोराहा पर रोज लगने वाली मछली मंडी भी बंद रहेगी। इधर रविवार भी मंडी में फल और सब्जी की आवक करीब 40 फीसदी रही। सब्जी-फल मंडी विक्रेता कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सैनी ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का मंडी में भी जश्न मनाया जाएगा।
लिहाजा सब्जी और फल मंडी बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि मंडी समिति की ओर से व्यापारी पुलिस चौकी के पास स्थित मंदिर में सुंदरकांड का पाठ सुबह करेंगे। मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी किसानों को कई दिन पहले ही दे दी गई थी, जिससे वह मंडी आकर परेशान न हो सकें।
उन्होंने बताया कि रविवार को भी मंडी में आवक कम ही रही। मंडी निरीक्षक महादेवी ने बताया कि आम दिनों में करीब 7000 क्विंटल सब्जी की आवक प्रतिदिन रहती है, लेकिन सोमवार को मंडी की प्रस्तावित बंदी व ठंड के प्रकोप के कारण रविवार को करीब 40 फीसदी ही सब्जी की आवक रही।