मुरादाबाद। अयोध्या में राम मंदिर फैसले को लेकर एहतियातन स्कूल एवं कालेज की लगातार चार दिन की छुट्टियों के बाद भी लोग वीकेंड प्लान नहीं कर पाए। फैसले के इंतजार और उसके बाद हालात पर दिनभर लोगों की नजर रही। सौहार्द का माहौल होने के बाद शनिवार शाम कई लोगों ने उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की वादियों का वीकेंड प्लान किया और कई लोग शाम को ही निकल भी गए।
अयोध्या फैसले के मद्देनजर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार ने शनिवार से मंगलवार तक स्कूल एवं कालेजों में छुट्टियां घोषित की हैं। स्कूलों की छुट्टियां होते ही मुरादाबाद के कई अभिभावक परिवार के साथ वीकेंड प्लान कर उत्तराखंड के नजदीकी रामनगर, मुक्तेश्वर और नैनीताल घूमने निकल जाते हैं। पिछले कई दिनों से मुरादाबाद देश के सबसे प्रदूशित शहरों में शामिल है। प्रदूषण से लोग परेशान हैं। स्कूलों की छुट्टियों का इंतजार भी कर रहे थे, ताकि पहाड़ की वादियों में स्वच्छ हवा में सांस ले सकें। अयोध्या फैसले से पहले चार दिन की छुट्टियां भी पड़ गई। लेकिन अभिभावक शनिवार को असमंजस में फंसे रहे। अयोध्या फैसले के बाद किसी तरह का माहौल खराब न हो, डर से वीकेंड प्लान नहीं कर पाए। दिन भर टीवी और दूसरे माध्यमों से वीकेंड प्लानिंग वाली जगहों के हालात जानने के लिए परिचित को फोन करते रहे।
बेसिक शिक्षा परिषद नगर के समन्वयक राहुल शर्मा ने बताया कि स्कूलों की छुट्टियां पड़ते ही जागेश्वर जाने का मन बनाया। लेकिन शनिवार पूरे दिन असमंजस में रहे। शाम को जागेश्वर में परिचितों को फोन कर जायजा लिया। स्थिति सामान्य होने पर रविवार के लिए वीकेंड प्लान किया है। जिला अस्पताल के चिकित्सक प्रवीण शाह बताते हैं, शनिवार को सरकारी छुट्टी के बाद अक्सर नैनीताल चले जाते हैं। सोमवार सुबह वापस लौट आते हैं। लेकिन शनिवार को हिम्मत नहीं जुटा पाए। मझोला निवासी अरुण सैनी ने बताया कि न्यायालय के फैसले का सभी ने स्वागत किया है। सौहार्द का माहौल है। रविवार से परिवार संग पिथौरागढ़ घूमने जा रहे हैं। इन लोगों की तरह कई लोगों ने वीकेंड प्लान किया है।