बिलारी। ब्लॉक के धर्मपुर कलां गांव निवासी छात्र अयान खान ने वाराणसी में चल रही सब जूनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में मंगलवार को 45 किलो भार वर्ग अंडर-17 में गोल्ड मेडल जीता है।
छात्र अयान खान के पिता वाजिद खान शाहबाद के इस्लामिया जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक और अयान के चाचा फिरोज खान यूपी पुलिस में सिपाही हैं। मंगलवार शाम जब अयान खान द्वारा कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतने की खबर उसके घर पहुंची तब परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। शिक्षक वाजिद खान ने बताया कि उनका बेटा अयान खान बीते वर्ष आगरा में हुई राज्य स्तरीय ओपन खेल प्रतियोगिता में अंडर 17 में गोल्ड मेडल जीत चुका है तथा गोरखपुर में हुई 69वीं कुश्ती प्रतियोगिता में अंडर 17 में सिल्वर मेडल जीता है। छात्र अयान खान के दादा बुन्दन खान अपने जमाने में मशहूर पहलवान रहे हैं।