मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस मुकाबले में स्थानीय खिलाड़ियों ने भी अपना दमखम पेश किया है। बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्थानीय खिलाड़ी अवनीश रस्तोगी ने अपनी जोड़ीदार यूएसए की अंजलि के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स डबल्स वर्ग (50 आयु वर्ग) के सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है।
दोनों ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए पवन जैन और मंजू की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-2 से मात दी। इस मुकाबले में अवनीश और अंजलि की जोड़ी शुरुआत से ही दबदबे में रही। कोर्ट पर उनकी सर्विस और नेट प्ले ने दर्शकों की तालियां बटोरीं। जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों में लखनऊ के भरत लाल को पवन जैन ने 1-6, 3-6 से हराया। वहीं 50 आयु वर्ग में जयपुर के कमरुद्दीन ने बेंगलुरु के वेंकटेशन को 6-3, 10-8 के स्कोर से हराते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। 65 आयु वर्ग में राकेश और आशीष की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए अजीत भारद्वाज और अजय तलवार को 6-2, 7-5 से शिकस्त दी। वहीं 70 आयु वर्ग में दिलीप शिवपुरी और डॉ. रंधावा की जोड़ी ने चटवाल और सुरेंद्र शर्मा को 6-3, 10-2 से हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा अरुण अग्रवाल और नागराज की जोड़ी ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए पुनीत और बेहरू की जोड़ी को 6-3, 6-3 से हराया। कोर्ट पर खेल का रोमांच बृहस्पतिवार को भी देखने लायक रहा।