कांठ। तेज रफ्तार टाटा लोडर की टक्कर से सवारियों से भरा ऑटो पलट गया। जिसमें सवार चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई अन्य भी चोटिल हुए हैं। दो को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार की देर शाम कांठ थाना क्षेत्र मुख्त्यारपुर नवादा निवासी राहुल अगवानपुर से अपने ऑटो में यात्रियों को कांठ ला रहा था। जब यह मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कांठ क्षेत्र स्थित रसूलपुर नहर की पुलिया के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार टाटा लोडर के चालक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी और अपने वाहन को लेकर भाग गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गए। जिससे चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में ऑटो चालक राहुल और उसमें सवार मुख्त्यारपुर नवादा के ही अकंज, पंकज तथा गांव सलेमपुर निवासी वीरेंद्र सिंह, संजय सहित कई यात्री घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही कांठ पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कांठ लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अकंज और वीरेंद्र सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।