गलशहीद थानाक्षेत्र में ऑटो चालक ने वाहन चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों के ऊपर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने ऊपर भी पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आरोपी को पकड़ कर उसे आग लगाने से रोका। आरोपी की वाहन चेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
गलशहीद थाना क्षेत्र में गांधीनगर चौराहे के पास शुकवार को पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो सामने से आता दिखाइ हेड सिपाही प्रमोद कुमार ने हाथ से इशारा कर ऑटो रोकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने ऑटो की रफ्तार और तेज कर दी। पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस कर्मियों पर ऑटो चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने खुद को बचाया और घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। उसके खिलाफ पुलिस कर्मी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी मौके से भाग गया। कुछ देर बाद वह एक बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंच गया।
आरोप है कि उसने पहले सिपाही प्रमोद कुमार पर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद अपने ऊपर भी पेट्रोल डाल लिया। उसने आग लगाने की कोशिश की। जिससे पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने आरोपी ऑटो चालक को पकड़ लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम सनी निवासी गुलाबबाड़ी थाना कटघर बताया। थाना प्रभारी कपिल सिंह ने बताया कि आरोपी सनी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, स्वयं व ड्यूटी पर पुलिसकर्मी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के प्रयास करने व लॉकडाउन का पालन न करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।