दिल्ली से दरभंगा जा रही स्पेशल ट्रेन में सवार चंदौसी निवासी अक्षय लांबा (26) को चलती ट्रेन में लूटने की कोशिश हुई। बोगी के दरवाजे पर खड़े अक्षय की पीठ से चाकू सटाकर बदमाशों ने कहा, फटाफट जेब खाली कर दो। ऐसा नहीं करने पर उसे ट्रेन से धक्का दे दिया। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण उसे मामूली चोट लगी है।
घटना बुधवार दोपहर ढाई बजे के आसपास की है। अक्षय ने बताया कि उस समय ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन के आउटर से गुजर रही थी। चंदौसी जाने के लिए उसे मुरादाबाद स्टेशन पर उतरना था, जिसकी वजह से वह बोगी के दरवाजे पर आकर खड़ा हो गया। पीछे यात्री की तरह मौजूद बदमाशों ने अचानक वारदात को अंजाम दे दिया।
ट्रैक पर गिरे अक्षय को सहयात्री प्रदीप कुमार ने उठाया और स्टेशन मास्टर के कमरे में लाए। उसके चेहरे और हाथों पर हल्के जख्म थे। डिप्टी स्टेशन मास्टर पन्नू सिंह ने अक्षय की मरहम पट्टी करवाई। डिप्टी स्टेशन मास्टर का कहना है कि एंबुलेंस और डॉक्टर बुलाने के लिए वह फोन कर रहे थे कि इसी बीच युवक ने उन्हें रोक दिया।
चोट ज्यादा न होने की बात कहते हुए वह चला गया। बातचीत में उसने बताया कि वह दिल्ली के कश्मीरी गेट में मोटर पार्ट्स का काम करता है। भैया दूज के लिए चंदौसी स्थित घर जा रहा था।
जीआरपी थाने के इंसपेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि ट्रेन में लूट की कोशिश के बीच युवक को धक्का देने की कोई शिकायत नहीं मिली। पीड़ित बताया गया युवक थाने नहीं आया और न ही तहरीर दी। इस तरह की चर्चा पर ट्रेन में यात्रियों से बात करवाई लेकिन किसी यात्री से ऐसी घटना की जानकारी नहीं मिली।